अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हुआ साइबर थाना, अपराधों पर होगी और तेज कार्रवाई
- सिविल लाइंस के नए भवन में स्थानांतरित हुआ साइबर थाना, आधुनिक तकनीक, विशेष टेक्निकल सेल और प्रशिक्षित विशेषज्ञों की टीम करेगी ऑनलाइन ठगी व डिजिटल वित्तीय अपराधों की वैज्ञानिक जांच
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए साइबर थाने को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए भवन में स्थानांतरित कर दिया है। पहले रेलबाजार स्थित ट्रैफिक पुलिस लाइन परिसर में संचालित साइबर थाना अब सिविल लाइंस स्थित 112 कार्यालय परिसर (पुलिस ग्राउंड के सामने) से संचालित होगा। नए परिसर में आधुनिक तकनीकी संसाधन, उन्नत सॉफ्टवेयर और विशेष टेक्निकल सेल की स्थापना की गई है, जिससे साइबर अपराधों की जांच और शिकायतों के निस्तारण में तेजी आएगी।नवनिर्मित साइबर थाने का निरीक्षण पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा तथा अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/अपराध) संकल्प शर्मा ने किया। अधिकारियों ने थाने में उपलब्ध आधुनिक संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं और कार्यप्रणाली का विस्तृत जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध) अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को देखते हुए साइबर थाने का व्यापक रूप से आधुनिकीकरण किया गया है। यहां प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों और तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम कार्य करेगी, जो साइबर फॉड, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल वित्तीय अपराधों सहित अन्य साइबर मामलों की वैज्ञानिक, प्रभावी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करेगी। उन्होंने बताया कि नए साइबर थाने में सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर), प्रभारी निरीक्षक साइबर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित रूप से तैनात रहेंगे। आधुनिक सॉफ्टवेयर, डिजिटल फॉरेंसिक सहायता और विशेष तकनीकी सेल के सहयोग से अपराधियों तक शीघ्र पहुंच बनाना तथा पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण संभव हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह साइबर थाना न केवल साइबर अपराधों की जांच को अधिक प्रभावी बनाएगा, बल्कि आम नागरिकों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति विश्वास भी बढ़ाएगा। कमिश्नरेट पुलिस का उद्देश्य साइबर अपराधों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए तकनीक आधारित पुलिसिंग को और अधिक मजबूत बनाना है।