जनभागीदारी से सफल होगा हर घर तिरंगा अभियान, 9 से 17 अगस्त तक होंगे विविध आयोजन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हर घर तिरंगा अभियान 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान को शासन की मंशा के अनुरूप व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम का समयबद्ध एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक चलने वाला यह अभियान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा राष्ट्र की सेवा और सम्मान में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान 2026 को विशेष उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। अभियान के दौरान भौतिक एवं डिजिटल दोनों स्वरूपों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा। वहीं सेल्फी विद तिरंगा एवं वंदे मातरम् गायन के वीडियो हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए आमजन को प्रेरित किया जाएगा।
सीडीओ ने निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाना सुनिश्चित किया जाए। राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा जनसहभागिता बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें, ताकि अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर सके।
बैठक में तिरंगा रैली, तिरंगा कॉन्सर्ट, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा, रंगोली तथा तिरंगा प्रेरित कलाकृतियों के आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। निर्देश दिए गए कि तिरंगा रैलियों में विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी, स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठनों तथा आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। रैलियों के आरंभ में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि तिरंगा कॉन्सर्ट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं युद्धों में शहीद हुए वीर जवानों के परिजनों को सम्मानित किया जाए। कार्यक्रमों में देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा स्कूल, पुलिस एवं सेना बैंड की प्रस्तुतियों को शामिल किया जाए। स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण एवं वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ सभी सरकारी कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किए जाएं।
सीडीओ ने कहा कि प्रमुख सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों एवं प्रमुख चौराहों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा एवं अलंकरण कराया जाए। सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित रंगोली बनाई जाए तथा विद्यालयों में तिरंगा प्रेरित कलाकृतियां एवं स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित चित्रकला को प्रोत्साहित किया जाए।
सीडीओ ने निर्देश दिए कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस शासन के निर्देशानुसार आयोजित किया जाए, जिससे देश के विभाजन की त्रासदी और उससे जुड़े इतिहास से नई पीढ़ी को अवगत कराया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) आलोक कुमार गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी आत्मप्रकाश रस्तोगी, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।