सर्राफा दुकान में पायल खरीदने आई महिला 400 ग्राम चांदी लेकर फरार,
-घटना सीसीटीवी में कैद, पुलिस जांच में जुटी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l मौदहा कस्बे के तहसील रोड स्थित एक सर्राफा दुकान में पायल खरीदने के बहाने आई एक महिला और उसके साथ मौजूद किशोरी करीब 45 मिनट तक दुकान में रहीं। इस दौरान उन्होंने दुकानदार को बातों में उलझाकर लगभग 400 ग्राम चांदी की तीन जोड़ी पायल चोरी कर ली और बिना खरीदारी किए वहां से चली गईं।
दुकानदार को महिला के जाने के बाद संदेह हुआ। पायलों की गिनती करने पर तीन जोड़ी पायल कम मिलीं। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें महिला द्वारा पायल चोरी करते हुए पूरी घटना कैद मिली।
मौदहा थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना 6 जुलाई 2026 को सुबह लगभग 11 बजे की है। एक अज्ञात महिला किशोरी के साथ दुकान पर पहुंची थी और विभिन्न प्रकार की पायल दिखाने के लिए कहा। बिना पायल खरीदे दोनों के चले जाने के बाद चोरी का पता चला।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।