मध्यस्थता से विवादों का होगा सौहार्दपूर्ण एवं त्वरित समाधान, जनपद में मनाया जाएगा "मध्यस्थता सप्ताह"
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में तथा के नेतृत्व में जनपद हमीरपुर में Mediation 2.0 अभियान के अंतर्गत इस सप्ताह "मध्यस्थता सप्ताह" के रूप में मनाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य मध्यस्थता योग्य वादों का आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर की सचिव श्रीमती वंदना अग्रवाल ने बताया कि अभियान के दौरान जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारियों से मध्यस्थता योग्य वादों को अधिकाधिक संख्या में मध्यस्थता केन्द्र को संदर्भित किए जाने का अनुरोध किया गया है, ताकि अधिक से अधिक मामलों का शीघ्र, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि मध्यस्थता एक प्रभावी वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली है, जिसके माध्यम से पक्षकार आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूर्णतः गोपनीय, समयबद्ध एवं कम खर्चीली होने के साथ-साथ न्यायालयों पर लंबित वादों का भार कम करने तथा पक्षकारों के पारस्परिक संबंधों को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
सचिव ने जनपद के अधिवक्ताओं एवं वादकारियों से अपील करते हुए कहा कि वे मध्यस्थता की उपयोगिता को समझते हुए अधिक से अधिक मध्यस्थता योग्य मामलों को मध्यस्थता केन्द्र के माध्यम से निस्तारित कराने हेतु आगे आएँ और Mediation 2.0 अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर ने जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्तागण एवं वादकारियों से अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करते हुए मध्यस्थता योग्य वादों को मध्यस्थता केन्द्र को संदर्भित करने का अनुरोध किया है, जिससे न्याय सुलभ, त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में उपलब्ध कराया जा सके।