जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियों का महापौर ने अधिकारियों संग किया यात्रा मार्ग का निरीक्षण
- यात्रा मार्ग और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। 16 और 17 जुलाई दो दिन चलने वाली शहर की व्यस्ततम मार्गों से होकर गुजरने वाली ऐतिहासिक 216वीं जगन्नाथ रथयात्रा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां जोरों पर है। बुधवार को तैयारियों का महापौर प्रमिला पांडे ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, जोन-1 के जोनल अधिकारी विद्या सागर यादव, पार्षद अमित गुप्ता, आदर्श गुप्ता तथा अन्य अधिकारियों के साथ रथयात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण की शुरुआत भगवान जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद अधिकारियों के साथ रूट का पैदल जायजा लिया। इस दौरान महापौर ने अधिकारियों को पूरे रथयात्रा मार्ग पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, सड़कों के गड्डों को तत्काल भरने, मार्ग प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने तथा श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। इस दौरान रूट पर होने वाले पैचवर्क कार्य का शिलान्यास भी किया। रथयात्रा की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर ने अधिकारियों से कहा कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं और मार्ग पर नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि रथयात्रा मार्ग पर सड़क के पैचवर्क के साथ-साथ मार्ग प्रकाश व्यवस्था भी पूरी तरह दुरुस्त कराई जाएगी। केस्को की ओर से चल रहे अंडरग्राउंड केबल कार्य को भी जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न हो।