सावन में श्रद्धालुओं के लिए यूरिनल की व्यवस्था की मांग- 'श्री आनन्देश्वर भक्त मण्डल' ने नगर आयुक्त को लिखा पत्र
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रहे सावन माह को देखते हुए 'श्री आनन्देश्वर भक्त मण्डल' ने परमट स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक श्री आनन्देश्वर मंदिर परिसर के निकट महिला यूरिनल की तत्काल व्यवस्था किए जाने की मांग की है। इस संबंध में मण्डल के अध्यक्ष एस.के. अवस्थी ने नगर आयुक्त, नगर निगम कानपुर को एक पत्र भेजकर जनहित में उचित कदम उठाने का अनुरोध किया है।नगर आयुक्त को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि सावन के पवित्र महीने में बाबा आनन्देश्वर के दर्शन और जलाभिषेक के लिए कानपुर शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों से प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इनमें महिलाओं, वृद्धों और बच्चों की तादाद बहुत अधिक होती है। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को घंटों लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है।मण्डल के अध्यक्ष ने खेद व्यक्त करते हुए बताया कि वर्तमान में मंदिर परिसर या उसके आसपास के क्षेत्रों में महिला यूरिनल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके कारण दूर-दराज से आने वाली महिला श्रद्धालुओं को बेहद असहज और गरिमाहीन स्थितियों का सामना करना पड़ता है।'श्री आनन्देश्वर भक्त मण्डल' एवं समस्त भक्तगणों ने नगर आयुक्त से महिला सुरक्षा, सम्मान और जनहित को ध्यान में रखते हुए 30 जुलाई 2026 (सावन मास के आरम्भ) से पूर्व मंदिर परिसर के निकट अस्थाई मोबाइल टॉयलेट/यूरिनल अथवा स्थाई यूरिनल की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की है। मण्डल ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द उचित कदम उठाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुलभ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।