श्रमिकों की समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालयों पर करेंगे प्रदर्शन
- भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश की दो दिवसीय कार्यसमिति में लिया गया निर्णय
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। संगठित हुआ असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों की समस्याओं व संगठनात्मक विस्तार को लेकर मजदूर संघ उत्तर प्रदेश की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक 5 अप्रैल को अरमापुर डिग्री कॉलेज में संपन्न हुई। 4 अप्रैल को प्रारंभ हुई बैठक में संगठन के कार्य विस्तार के संबंध में व्यापक चर्चा हुई। 5 अप्रैल को बैठक के अंतिम दिन रेलवे, बैंक रोडवेज, आशा, आंगनवाड़ी, प्लेटफॉर्म व गिग वर्कर्स के क्षेत्र में आने वाली समस्याओं का कैसे निस्तारण हो और श्रमिकों-कर्मचारियो को शोषण से बचाया जा सके इस पर चर्चा की गई। इस मौके पर कर्मचारियों की समस्याओं का एक प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 18 जून को उत्तर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर विभिन्न उद्योगों के कार्यकर्ता व पदाधिकारी प्रदर्शन कर माननीय मुख्यमंत्री को संबोधित मांगों का ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपेंगे। बैठक में क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम, अखिल भारतीय संगठन मंत्री बी.सुरेंद्रन, प्रदेश अध्यक्ष विश्वेश्वर राय व प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय, एमपी सिंह, मुकेश सिंह, केडी द्विवेदी, दिवाकर मिश्रा, संजय प्रताप सिंह, रामनिवास सिंह, राकेश सिंह, राय प्रदीप चंद्र, प्रदीप राय, अरुण दुबे मौजूद रहे।