बारिश से 116 जगहों पर जलभराव,नाला सफाई पूरी हुई,फिर भी निर्माण कार्यों से बढ़ी समस्या
- 100 मिमी बारिश से बिगड़े हालात, मेट्रो, केस्को और जल निगम के कार्य वाले क्षेत्रों में ज्यादा दिक्कत: नगर आयुक्त
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। शुक्रवार को हुई करीब 100 मिमी बारिश के बाद शहर में हुए जलभराव को लेकर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने शनिवार प्रेस कॉन्फ्रेंस की।उन्होंने कहा कि शहर में 116 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां अलग-अलग विभागों के निर्माण कार्यों की वजह से जलभराव और डाट नाला धंसने जैसी समस्याएं सामने आईं। सभी विभागों की सूची तैयार कर ली गई है और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है।नगर आयुक्त ने बताया कि भारी बारिश के बाद शहर के जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया गया। जहां-जहां समस्या मिली, उन स्थानों को चिह्नित किया गया है। आम लोगों को हुई परेशानी को देखते हुए नगर निगम ने कंट्रोल रूम भी बना दिया है। पहले ही दिन यानी शुक्रवार को 80 शिकायतें मिलीं, जिनके तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए गए। अर्पित उपाध्याय ने बताया कि समीक्षा के दौरान जिन स्थानों पर ज्यादा जलभराव मिला, वहां नगर निगम की टीम ने निरीक्षण किया। जूही के खलवा पुल पर हर बारिश में पानी भरने की समस्या को देखते हुए अतिरिक्त मोटर लगाई गई है, जिससे पानी की निकासी तेजी से हो सके। उन्होंने कहा कि शनिवार को इसका अच्छा रिस्पॉन्स भी देखने को मिला। नगर आयुक्त ने कहा कि जहां-जहां मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा है, वहां भी निरीक्षण किया गया है। मेट्रो अधिकारियों को एक अतिरिक्त मोटर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा केस्को द्वारा हाईटेंशन लाइन डालने और जल निगम व नगर निगम के विभिन्न निर्माण कार्यों वाले क्षेत्रों में भी जलभराव की समस्या ज्यादा सामने आई है। ऐसे सभी स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में नाला सफाई का कार्य पूरी तरह कराया गया था। कई बड़े नालों से दो-दो बार सिल्ट भी निकलवाई गई। इसके बावजूद जहां सीवर लाइन, नाली और अन्य निर्माण कार्य चल रहे थे, वहां जलभराव की स्थिति अधिक बनी। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार की जा रही है।