सोशल मीडिया पर अवैध असलहा प्रर्दशन पर युवक धरा गया |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
मौदहा,हमीरपुर l मौदहा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर अवैध असलहे के प्रदर्शन का एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मौदहा क्षेत्र के ग्राम अरतरा में एक कार्यक्रम के दौरान युवक द्वारा अवैध असलहे का प्रदर्शन करते हुए वीडियो बनाया गया था, जो 06 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान अतुल कुमार (34 वर्ष) पुत्र अरिमर्दन, निवासी ग्राम अरतरा के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने उसे ग्राम अरतरा स्थित रेलवे अंडरपास सड़क से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस कार्रवाई के आधार पर थाना मौदहा में मु0अ0सं0 98/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज मिश्रा, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पाण्डेय एवं कांस्टेबल धर्मेन्द्र यादव शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार के अवैध और आपत्तिजनक कार्यों से बचें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।