किसान पहचान पत्र बनवाने वालों की लगी लंबी लाइन |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l गेहूं खरीद केंद्रों पर अब किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए फार्मर रजिस्ट्री (किसान पहचान पत्र) अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करनी होगी। शासन के इस नए निर्देश के बाद विपणन शाखा के दोनों केंद्रों पर किसानों ने तेजी से पंजीकरण कराना शुरू कर दिया है। विपणन शाखा के प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि गुरुवार तक प्रथम केंद्र में 300 और द्वितीय केंद्र में 250 किसानों ने पंजीकरण कराया है। इस प्रकार कुल 550 किसान अब गेहूं बेचने के लिए पंजीकृत हो चुके हैं। खरीद की स्थिति पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि प्रथम केंद्र पर अब तक 392 क्विंटल और द्वितीय केंद्र पर 578 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा चुकी है। वहीं, पिछले दिनों से चल रही बारदाने (बोरी) की समस्या में अब धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। गुरुवार को दोनों केंद्रों के लिए 10 गांठ बोरे उपलब्ध कराए गए, जिससे खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी रही। इसके अलावा पूर्ति विभाग द्वारा राशन विक्रेताओं से जूट के बोरे एकत्र कर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिसके तहत गुरुवार को 600 बोरियां केंद्रों को उपलब्ध कराई गईं। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही बारदाने की समस्या पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
|