ए आरटीओ वीरेंद्र सिंह व क्षेत्र अधिकारी विधिभूषण एवं थाना प्रभारी अमरिया यातायात ने चलाया चेकिंग अभियान
जिला संवाददाता बुद्धसेन कश्यप
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस पीलीभीत।जनपद पीलीभीत के अमरिया एवं जहानाबाद क्षेत्र से अनाधिकृत बसों के संचालन की मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए आज एआरटीओ वीरेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात विधिभूषण मौर्य एवं थाना अध्यक्ष अमरिया के नेतृत्व में जहानाबाद एवं अमरिया क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान उक्त स्थानों से गुजर रही एवं खड़ी पाई गई बसों के प्रपत्रों की गहन जांच की गई। जांच में 03 बसें परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए संचालित होती पायी गयीं तथा कुछ बसें नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ी पाई गईं।उक्त उल्लंघनों के आधार पर तीन बसों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उन्हें थाना अमरिया में निरुद्ध किया गया। साथ ही इन बसों पर क्रमशः रू. 17,000, रू. 17,000 एवं रू. 18,000 का सम्मन शुल्क अधिरोपित किया गया। नो पार्किंग पर खड़ी हुई वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त संबंधित वाहन स्वामियों एवं चालकों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में परमिट शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि विगत 10 दिनों में परिवहन विभाग द्वारा जनपद के अलग-अलग मार्गों पर अनाधिकृत बसों की चेकिंग अभियान में 17 बसों के विरुद्ध चालान एवं सीज की कार्यवाही करते हुए 2,40,000 रुपए प्रशमन शुल्क वसूला जा चुका है। क्षेत्राधिकार यातायात एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के अनुपालन हेतु ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।