रेलवे ट्रैक पर गाना गाते हुए रील बनाना युवक युवती को पड़ा भारी |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने की होड़ कई बार लोगों को खतरनाक कदम उठाने पर मजबूर कर देती है। ऐसा ही एक मामला हमीरपुर जिले से सामने आया है, जहां रेलवे ट्रैक पर बनाई गई एक रील वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। वीडियो में एक युवक और युवती फिल्मी गाने पर शराब पीने की एक्टिंग करते हुए रेलवे ट्रैक पर डांस करते नजर आ रहे हैं। दैनिक समाचार पत्र सोशल मीडिया में हो रहे वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। जानकारी के अनुसार यह मामला सुमेरपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां एक युवक और युवती ने रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर फिल्मी गीत पर डांस करते हुए रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में दोनों शराब पीने की एक्टिंग करते हुए मस्ती में नाचते दिखाई दे रहे हैं। सबसे हैरानी की बात यह है कि यह वीडियो सीधे रेलवे ट्रैक पर खड़े होकर बनाया गया, जो रेलवे की सुरक्षा गाइडलाइंस का साफ उल्लंघन माना जा रहा है। रेलवे ट्रैक पर इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ नियमों के खिलाफ हैं, बल्कि इससे जान का भी बड़ा खतरा बना रहता है। चंद लाइक और व्यूज पाने के लिए बनाई गई यह रील अब युवक और युवती के लिए मुसीबत बनती नजर आ रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और वीडियो में दिखाई दे रहे युवक-युवती की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि रेलवे ट्रैक पर खतरनाक तरीके से वीडियो बनाने और नियमों की अनदेखी करने के आरोप में दोनों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रेलवे परिसर में इस तरह की हरकतें न सिर्फ अवैध हैं बल्कि हादसे की बड़ी वजह भी बन सकती हैं।
वहीं पुलिस की जांच की जानकारी मिलने के बाद युवक ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो अपलोड कर अपनी गलती स्वीकार की है। वीडियो में वह माफी मांगते हुए कह रहा है कि उससे गलती हो गई और भविष्य में वह ऐसी किसी जगह पर रील नहीं बनाएगा, जहां ऐसा करना प्रतिबंधित है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और संबंधित लोगों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।