पुत्र की बीमारी से परेशान मां ने मौत को लगाया गले पुलिस जांच में जुटी |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मुस्करा,हमीरपुर l मुस्करा थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां अपने इकलौते बेटे की गंभीर बीमारी से परेशान एक मां ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कस्बा थाना क्षेत्र के ऐंझी गांव निवासी 40 वर्षीय चंदा ने अपने घर में रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उनका 18 वर्षीय बेटा उपेंद्र लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज दिल्ली के एम्स अस्पताल में चल रहा है।
मृतका के पति जयहिंद श्रीवास ने बताया कि उपेंद्र की तबीयत काफी समय से खराब चल रही थी। पहले उसका इलाज लखनऊ के पीजीआई में कराया गया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को दिल्ली से बेटे की हालत अत्यंत गंभीर होने की सूचना मिली, जिससे चंदा काफी परेशान और व्यथित हो गईं। बताया गया कि घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। इसी दौरान चंदा ने रस्सी से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। कुछ देर बाद उनकी बेटी शिवकांती ने मां को फंदे से लटका देखा तो घबराकर शोर मचा दिया। परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चंदा को फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जयहिंद श्रीवास ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे और आर्थिक तंगी के बावजूद किसी तरह बेटे का इलाज करा रहे थे। इलाज के कारण उन पर काफी कर्ज भी हो गया था। थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।