दबंगों ने एक परिवार पर बरपाया कहर मचा कोहराम |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l मौदहा कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों द्वारा एक परिवार पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब एक दर्जन लोग लाठी-डंडों और तमंचों से लैस होकर घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान तीन माह के दुधमुंहे बच्चे को जमीन पर पटक दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।यह घटना मौदहा कोतवाली क्षेत्र के उरदना गांव में गुरुवार रात की बताई जा रही है। पीड़ित प्रमोद कुशवाहा के अनुसार गांव के ही कुछ दबंग उनके घर पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने प्रमोद के साथ-साथ घर में मौजूद महिलाओं को भी नहीं बख्शा और उन्हें भी पीट दिया।कोतवाली में दिए गए शिकायती पत्र में पीड़ित ने बताया कि श्याम बाबू, रोहित उर्फ तुर्रा, राहुल, सुरेश, रामप्रकाश समेत करीब एक दर्जन लोग हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि इन लोगों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने तीन माह के मासूम बच्चे को गोद से छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को मौदहा के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार की बुजुर्ग महिला कुसमा ने बताया कि आरोपियों के साथ पहले से रंजिश चल रही है। उनका कहना है कि आरोपी उनके खेत से हरी लाही काट रहे थे, जिसे मना करने पर उन्होंने रंजिश मान ली और हमला कर दिया। कुसमा के मुताबिक करीब तीन माह पहले भी इन्हीं लोगों ने उनके परिवार पर हमला किया था। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि नामजद आरोपियों ने करीब पांच वर्ष पहले पुलिस की गाड़ी पर हमला कर सिपाहियों के साथ भी मारपीट की थी। फिलहाल पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।