14 वर्षीय किशोर का शव नलकूप के कच्चे कमरे में फंदे से लटकता पाये जाने से फैली सनसनी |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l बिवांर थाना क्षेत्र के पारा गांव में एक 14 वर्षीय किशोर का शव उसके निजी नलकूप के कच्चे कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। किशोर गुरुवार शाम से लापता था। शुक्रवार सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जानकारी के अनुसार पारा गांव निवासी कमल सिंह परिहार का बेटा साहिल उर्फ भोला (14) गुरुवार शाम करीब सात बजे घर से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
शुक्रवार सुबह जब परिजन खेतों की ओर स्थित नलकूप पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो साहिल का शव फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए और थोड़ी ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि जिस कमरे में शव मिला उसकी ऊंचाई करीब छह फीट है, जबकि साहिल का शव इस तरह लटका था कि उसके घुटने जमीन को छू रहे थे और कमरे का दरवाजा भी खुला हुआ था। इन परिस्थितियों को देखते हुए परिजन आत्महत्या की बात पर संदेह जता रहे हैं। मृतक के भाई चंदन सिंह ने बताया कि साहिल का शव जिस हालत में मिला है, उसे देखकर आत्महत्या की बात पर विश्वास करना मुश्किल है। उनका कहना है कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, फिर भी आशंका है कि किसी ने साहिल की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। साहिल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।