कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनायें रखने हेतु व्यापक फ्लेग मार्च |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l अपर पुलिस अधीक्षक के द्वारा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाये रखने हेतु सदर कोतवाली नगर क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भाव जागृत करना तथा असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना रहा कि जनपद पुलिस शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। फ्लैग मार्च मुख्य बाजार, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा आमजन, व्यापारियों एवं संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद स्थापित कर त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च में क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मी सम्मिलित रहे। मार्च के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की गई तथा सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि आगामी त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतत गश्त, रात्रि भ्रमण एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया।