त्योहारों के मद्देनजर मिलावट खोरों के खिलाफ चला अभियान |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l आगामी त्यौहार होली और पवित्र माह रमजान को लेकर जहां मिलावट खोर सक्रिय हो गए हैं तो वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी छापेमारी शुरू कर दी है जिसके चलते लगभग आधा दर्जन दूकानों पर छापेमारी कर नोटिस जारी किया गया। पवित्र माह रमजान और महत्वपूर्ण त्यौहार होली को लेकर खाद्य सामग्री में मिलावट करने और खराब सामान बेचने वालों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश वर्मा ने कस्बे थाना चौराहा और मलीकुआं में फल और होटलों सहित मास की दूकान में छापेमारी की। हालांकि इसके तीन दिन पहले भी खाद्य सुरक्षा विभाग सहित अन्य विभागों ने एक बडी कार्यवाही की थी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मलीकुआं चौराहे पर फल की दूकानों और बिरयानी बेचने वालों के साथ ही मुर्गा का मास बेचने वालों की दूकानों को चेक कर नोटिस दिए। इतना ही नहीं एक फल की दूकान में रखे पुराने खजूरों को नाले में फिंकवा कर नष्ट कराए। तो वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बिरयानी में प्रयोग किए जाने वाले रंग के स्थान पर दूसरे रंग के प्रयोग की सलाह दी और सभी को बताया कि, लाईसेंसिग प्रक्रिया आसान है और सभी को लाईसेँस बनवा लेना चाहिए इसके लिए आप लोग कार्यालय आकर हमसे मिलें। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश वर्मा ने बताया कि आगामी त्यौहार होली और पवित्र माह रमजान को लेकर जिलाधिकारी के आदेश पर मिलावट खोरी के खिलाफ अभियान चलाया गया है। जिसके चलते दूध, मावा, फल, सहित अन्य खाद्य पदार्थो के नमूने लिए गए हैं और कुछ लोगों को नोटिस जारी किया गया है।