त्योहारों के दृष्टिगत दंगा नियंत्रण का हुआ अभ्यास |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड ग्राउंड में गठित जोनल दंगा नियंत्रण टीम के साथ दंगा नियंत्रण व बलवा ड्रिल का अभ्यास किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दंगा नियंत्रण संबंधी आवश्यक तैयारियों को परखना तथा पुलिस बल को दंगा निरोधी उपकरणों एवं रणनीतियों की विस्तृत जानकारी देना था। इस दौरान समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दंगा नियंत्रण में प्रयुक्त होने वाले विभिन्न उपकरणों जैसे एंटी-राइट गन, रबर बुलेट, अश्रु गैस गोले, ग्रेनेड, डंडा, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, कैन शील्ड, हैंड गार्ड एवं लेग गार्ड आदि की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। ड्रोन सर्विलांस टीम को स्थिति की सतत निगरानी और पुलिस को वास्तविक समय में अपडेट देने की जिम्मेदारी सौंपी गई। फ्रंटलाइन पार्टी को भीड़ को नियंत्रित करने का कार्य सौंपा गया, जबकि अश्रु गैस एवं ग्रेनेड ऑपरेशन टीम को दंगाई भीड़ को तितर-बितर करने के लिए प्रशिक्षित किया गया। जल तोप टीम को जरूरत पड़ने पर भीड़ पर नियंत्रण हेतु जल तोप के प्रयोग का निर्देश दिया गया। मेडिकल एवं राहत टीम को घायलों को प्राथमिक उपचार देने तथा संचार एवं वायरलेस टीम को सभी यूनिट्स के बीच समन्वय बनाए रखने का कार्य दिया गया। अंत में, यातायात नियंत्रण टीम को क्षेत्र में जाम एवं अन्य व्यवधानों को रोकने के निर्देश दिए गए। इस अभ्यास से यह सुनिश्चित किया गया कि जनपद की पुलिस आगामी त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व, प्रभारी यातायात व अन्य सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहें।