किसान फार्मर रजिस्ट्री प्रचार प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से फार्मर रजिस्ट्री प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर जनपद की चारों तहसीलों के लिए रवाना किया गया, जिससे क्षेत्र में अधिक से अधिक फार्मर रजिस्ट्री का प्रचार-प्रसार करते हुए कृषकों को अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवाने हेतु प्रेरित किया जा सके। फार्मर रजिस्ट्री कृषकों की एक डिजिटल पहचान है, इससे किसान भाईयों को निम्न लाभ लेने में सुविधा होगी- विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ बिना सत्यापन के प्राप्त करना, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कृषि उत्पादों की बिक्री में सरलीकरण, फसल नुकसान की स्थिति में वास्तविक क्षति का मुआवजा प्राप्त करने में सुविधा, प्रत्येक किसान की अपनी डिजिटल पहचान एवं पीएम किसान सम्मान निधि का निर्बाध रूप से लाभ प्राप्त करने में सुविधा प्राप्त होगी। किसान भाई जन सुविधा केन्द्र, कृषि सहायक, पंचायत सहायक एवं राजस्व विभाग के लेखपाल से सम्पर्क कर अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा सकते है। फार्मर रजिस्ट्री बनवाने में आधार कार्ड, खतौनी एवं आधार लिंक मोबाइल नम्बर की आवश्यकता होगी। मार्च 2025 तक ग्राम पंचायतवार फार्मर रजिस्ट्री कैम्प का आयोजन किया जा रहा है किसान भाई कृषि विभाग या लेखपाल से सम्पर्क करके आयोजित कैम्प में आवश्यक अभिलेख ले जाकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा सकते है। अतः जनपद के समस्त किसान भाईयों से अनुरोध है कि जन सुविधा केन्द्र, कृषि विभाग के कार्मिक, ग्राम पंचायत सचिव एवं राजस्व विभाग के लेखपाल से सम्पर्क कर अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा लें, जिससे विभिन्न सरकारी योजनाओं का निर्बाध रूप से लाभ प्राप्त हो सके। मौके पर उप कृषि निदेशक डा.प्रमोद कुमार,अतिरिक्त उप जिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता एवं अन्य विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।