परिवहन विभाग ने ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कसा शिकंजा
- मिशन आरोही' के तहत 360 वाहनों का चालान, 26 सीज
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। राज्य में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कड़ा रुख अपना लिया है। उत्तर प्रदेश परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन के सख्त निर्देशों और अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) डी. के. सिंह के मार्गदर्शन में कानपुर नगर में एक विशेष सघन अभियान 'मिशन आरोही' चलाया गया। इस अभियान के तहत कानपुर मंडल आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव की अगुवाई में प्रवर्तन टीम और एडीसीपी ट्रैफिक व पुलिस की संयुक्त टीम ने गंगा बैराज चौराहे पर उतरकर कर बड़े पैमाने पर मिशन आरोही"अभियान चलाया।'मिशन आरोही" के दौरान 360 वाहनों का विभिन्न अभियोग में चालान किया गया तो वही 26 वाहनों पर सीज की कार्यवाही की गई। इनमें मुख्य रूप से बिना हेलमेट व सीटबेल्ट लगाए वाहन चलाने वाले,ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग करने वाले व्यावसायिक वाहन, बिना वैध परमिट, फिटनेस व प्रदूषण प्रमाण पत्र के संचालित हो रहे वाहनों तथा निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर शिकंजा कसा गया।कानपुर मंडल आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि 'मिशन आरोही' का मुख्य उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़कों पर अनुशासित यातायात व्यवस्था कायम करना और दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस अभियान में प्रमुख रूप से एआरटीओ प्रवर्तन तृतीय दल सोमलता यादव, मानवेंद्र प्रताप सिंह, पीटीओ डी के सिंह, दीपक सिंह, अनिल कुमार व ट्रैफिक पुलिस बल मौजूद रहा।