नेशनल हाईवे-34 में लगा 20 किलोमीटर लम्बा जाम, तेरह घंटे फंसे रहे वाहन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l रूट डायवर्जन के कारण सोमवार को रात 9 बजे से शुरू हुआ जाम का झाम मुख्यालय से लेकर फैक्ट्रीएरिया तक हो गया। 20 किलोमीटर का सफर तय करने में निजी वाहन चालकों को कस्बे में आने तक आठ घंटे का समय लगा। रात 9:00 बजे शुरू हुआ जाम सुबह 10:00 बजे खुल सका तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। शनिवार को कावड़ यात्रा के चलते भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया था। इस डायवर्जन को सोमवार को रात 8 बजे खोला गया। डायवर्जन खुलते ही हाईवे में ठहरे रहे वाहनों को निकालने के लिए चालकों में अफरा तफरी मच गई। इसी आपाधापी में वाहनों को आडा तिरछा होने से बेतवा पुल के समीप जाम लग गया। बेतवा पुल से शुरू हुआ जाम कुछ घंटे में ही कस्बे के उद्योग नगरी तक पहुंच गया और करीब 20 किलोमीटर लम्बे हाईवे में वाहनों की दोहरी तिहरी लाइन लग गई जाम में फंसे कस्बावासी सपा नेता चंद्रशेखर गुप्ता, अनिल परनामी, बब्बी खान, वीरू सिंह, नरेंद्र सिंह, शानू गुप्ता आदि ने बताया कि उन्हें अनुपुर मोड़ से कस्बे तक आने में 8 घंटे का समय लगा अनुपुर मोड़ से कस्बे की दूरी 20 किलोमीटर है सुबह यातायात प्रभारी आशुतोष सिंह ने महोबा की ओर से आने वाली वाहनों को मौदहा में रुकवाकर जाम खुलवाया तब कहीं जाकर 13 घंटे बाद लोगों को जाम से राहत मिल सकी। जाम में यात्री बसें, स्कूली वाहन, एंबुलेंस आदि भी फंसे रहे। इससे लोगों को तमाम मुसीबत को सामना करना पड़ा।