बरसते पानी में फर्नीचर मार्केट में लगी भीषण आग, करोड़ों का नुक़सान l
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर । सुबह लगभग 06:32 बजे मिनी कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि थाना गोविंद नगर क्षेत्रांतर्गत स्थित फर्नीचर मार्केट में भीषण आग लग गई है तथा कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। सूचना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए फजलगंज, किदवई नगर एवं मीरपुर सहित आसपास के फायर स्टेशनों से लगभग 07–08 अग्निशमन वाहनों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि आग एक बहुमंजिला फर्नीचर मार्केट में लगी थी, जिसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर तथा ऊपर की मंजिलें शामिल थीं। अग्निशमन दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए भवन के तीनों ओर से फायर टेंडर तैनात कर सुरक्षित तरीके से अंदर प्रवेश किया गया तथा सुनियोजित अभियान चलाकर आग को चारों ओर से घेरते हुए उस पर पूर्णतः नियंत्रण प्राप्त कर लिया गया। सीएफओ कमि0 कानपुर नगर दीपक शर्मा ने कहा इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ तथा पूरे रेस्क्यू एवं फायर फाइटिंग ऑपरेशन को सुरक्षित रूप से सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।
|