33 केवी हाई वोल्टेज लाइन का ग्रामीणों ने किया विरोध, ऊर्जा मंत्री से आबादी के बाहर से लाइन निकालने की मांग
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदह, हमीरपुर l विकास खंड मौदहा की ग्राम पंचायत सायर, ऊपरी, सिलौली एवं कमहारिया के ग्राम प्रधानों ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर गांवों की आबादी के बीच से निकाली जा रही 33 केवी हाई वोल्टेज विद्युत लाइन का विरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित लाइन मौदहा-बिवार मुख्य मार्ग से होते हुए घनी आबादी और विद्यालयों के सामने से गुजर रही है, जिससे बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
ग्राम प्रधानों ने कहा कि हाई वोल्टेज लाइन आबादी के बीच से गुजरने पर भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। इसे लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने मांग की है कि जनहित को देखते हुए वर्तमान में चल रहे विद्युत लाइन निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोकते हुए पुनः सर्वे कराया जाए तथा लाइन को आबादी से बाहर किसी सुरक्षित मार्ग से निकाला जाए।
ऊर्जा मंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र पर ग्राम पंचायत सायर के प्रधान प्रदीप विश्वकर्मा, ऊपरी की प्रधान संतोषी देवी, कमहारिया की प्रधान नसीम बानो तथा सिलौली के प्रधान देवीचरन कुशवाहा के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होंगे।