46 पीपीओ जारी कर ईपीएफओ ने गढ़ा कीर्तिमान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर ने "प्रयास" योजना के अंतर्गत एक साथ 46 पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) जारी कर एक नया कीर्तिमान बनाया है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर द्वारा "प्रयास" योजना के अंतर्गत इस बार अब तक के सर्वाधिक 46 सेवानिवृत्त सदस्यों को उनके सेवानिवृत्ति दिवस पर ही पेंशन भुगतान आदेश (पी.पी.ओ.) प्रदान किए गए। इस अवसर पर प्रतीश सिंह, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-II ने बताया कि ईपीएफओ की "प्रयास" योजना का उद्देश्य पात्र सदस्यों को सेवानिवृत्ति के दिन ही उनका पीपीओ उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें पेंशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की प्रतीक्षा या असुविधा का सामना न करना पड़े तथा सेवानिवृत्ति के पश्चात निर्बाध एवं समयबद्ध पेंशन सेवा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर द्वारा सदस्यों को त्वरित, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा भविष्य में भी इस प्रकार की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
|