तीन दिवसीय सीएमआरएस निरीक्षण प्रक्रिया शुरू -सिग्नलिंग, इलेक्ट्रिकल, ट्रैक, सिविल से जुड़े तकनीकी मानकों को परखा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 के कानपुर सेंट्रल - नौबस्ता पर मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) नीलाभ्र सेनगुप्ता की तीन दिवसीय निरीक्षण प्रक्रिया शनिवार से शुरू हुआ। सुबह दिल्ली से शहर पहुंचने के बाद सेनगुप्ता की 5 सदस्यीय टीम ने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल काॅर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक के बाद सीएमआरएस ने अपनी टीम और मेट्रो अधिकारियों संग नवीन मार्केट से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो से यात्रा की। सेंट्रल स्टेशन से उन्होंने मोटर ट्राली पर बैठकर कानपुर सेंट्रल से झकरकटी के बीच डाउनलाइन टनल और ट्रैक का निरीक्षण किया। झकरकटी स्टेशन पर उन्होंने एस्केलेटर, फायर अलार्म आदि यात्री संरक्षा से जुड़े विभिन्न व्यवस्थाओं और प्रावधानों की पड़ताल की, निरीक्षण प्रक्रिया जारी रहेगी। 28 और 29 जून को सीएमआरएस निरीक्षण प्रक्रिया के तहत शेष सेक्शन पर सिग्नलिंग, इलेक्ट्रिकल, ट्रैक, सिविल आदि विभिन्न विभागों से जुड़े तकनीकी मानकों को गहराई से परखा गया।