गंगा तट पर चलाया स्वच्छता अभियान,पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | भारतीय सेना की 137 सी ई टी एफ बटालियन टी ए 39 गोरखा राइफल गंगा टास्क फोर्स ने बिठूर के पत्थर घाट में मातृ छाया गुरुकुलम के विद्यार्थियों तथा स्थानीय लोगो के साथ मिलकर गंगा स्वच्छता अभियान चलाया। गंगा टास्क फोर्स के कमान अधिकारी कर्नल रोहित श्रीवास्तव और कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रफुल्लित कुमार वर्मा के दिशा निर्देश पर विगत 7 सालों से गंगा स्वच्छता अभियान,पौधा रोपण, घाटों की गश्त, जागरूकता अभियान निरंतर जारी है। गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रोशन गुरुंग ने मातृछाया गुरुकुलम के विद्यार्थियो तथा स्थानीय लोगो को बताया कि आज हम यहाँ गंगा स्वच्छता अभियान के अवसर पर एकत्रित हुए। माँ गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। करोड़ों लोगों की आजीविका, खेती और पेयजल का महत्वपूर्ण स्रोत गंगा ही हैं।लेकिन बढ़ते प्रदूषण, प्लास्टिक कचरे और गंदगी के कारण गंगा की स्वच्छता प्रभावित हो रही है। इसलिए यह केवल सरकार की नहीं, हम सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि हम गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखें। हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम गंगा या किसी भी नदी में कचरा नहीं फेंकेंगे, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करेंगे और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।इस अभियान में उपस्थित सभी लोगो को गंगा स्वच्छता एव पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलायी और पौधे वितरित किए | गंगा रक्षक दल के अध्यक्ष आचार्य कालीचरण दीक्षित कलम एव स्वैच्छिक संस्था के डॉ विपिन शुक्ला तथा एस बी आई प्रयागराज के असिस्टेंट जनरल मैनेजर शिवचरण दीक्षित उपस्थित रहे।
|