श्रमिक समस्याओं को लेकर डीएम आवास पर प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। श्रमिकों और आउटसोर्स कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) कानपुर के कार्यकर्ताओं ने 18 जून को जिलाधिकारी आवास पहुंचकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 22 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय ने बताया कि विभिन्न विभागों और संस्थानों में कार्यरत आउटसोर्स एवं संविदा कर्मचारियों का लगातार शोषण हो रहा है। कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों को ईपीएफ, ईएसआई, बोनस तथा अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं दिया जा रहा है। श्रम कानूनों के उल्लंघन के बावजूद ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है। श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन नहीं किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाध्यक्ष दिवाकर मिश्श्र व जिला मंत्री फिरोज आलम ने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन आगे व्यापक आंदोलन की रणनीति बनाने के लिए बाध्य होगा। इसके साथ ही बीएसएनएल समेत कई अन्य विभागों की समस्याओं के मांगपत्र भी जिलाधिकारी को प्रेषित किये गए। इस दौरान प्रदर्शन में भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ, नगर निगम, जलकल विभाग, स्थानीय निकाय, विद्युत विभाग, परिवहन, रेलवे, नगर निगम, टेलीफोन विभाग, आईटीआई, बैंक, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, एल्मिको, इण्डकोट, एचएएल, पोस्टल, एनएचएम, आशा-आंगनवाड़ी, लाल इमली, ग्रामीण बैंक, एलआईसी समेत कई विभागों के कर्मचारी और पदाधिकारी शामिल रहे। अंत में प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सुरेश यादव ने सभी का आभार प्रकट किया।
|