मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन, द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के जनपद हमीरपुर में प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत अपर पुलिस महानिदेशक, प्रयागराज जोन, प्रयागराज द्वारा थाना राठ क्षेत्र स्थित ब्रह्मानन्द डिग्री कॉलेज मैदान का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हेलीपैड, जनसभा स्थल, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं तथा कार्यक्रम स्थल पर की जा रही अन्य तैयारियों का गहन अवलोकन किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए।
महोदय ने कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, वीआईपी सुरक्षा, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक बिंदु पर सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अवसर पर राठ विधायिका श्रीमती मनीषा अनुरागी, जिलाधिकारी हमीरपुर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर, अपर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।