प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने विकास प्रदर्शनी का किया शुभारंभ
*प्राकृतिक खेती को बताया किसानों के लिए लाभकारी विकल्प
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अम्बेडकर पार्क, हमीरपुर में सूचना विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से प्रदर्शित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी परिसर में स्थापित "सेल्फी विद पीएम" प्वाइंट पर प्रभारी मंत्री ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन के साथ सेल्फी लेकर कार्यक्रम की आकर्षणपूर्ण गतिविधियों में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की विकास प्रदर्शनी सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं एवं जनहितकारी कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित "प्राकृतिक एवं प्रगतिशील खेती कार्यशाला" में प्रतिभाग कर किसानों एवं जन समान्य को संबोधित किया।
उन्होंने कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से जहां भूमि की उर्वरा शक्ति प्रभावित होती है, वहीं मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती कम लागत, अधिक टिकाऊ एवं पर्यावरण हितैषी कृषि पद्धति है, जिसे अपनाकर किसान अपनी आय बढ़ाने के साथ-साथ भूमि की गुणवत्ता को भी संरक्षित रख सकते हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों की आय दोगुनी करने, कृषि को लाभकारी बनाने तथा प्राकृतिक एवं परंपरागत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बना सकते हैं। कार्यक्रम में यूपी कोऑपरेटिव के उपसभापति बृज किशोर गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती शकुंतला निषाद, नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष कुलदीप निषाद, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, जिलाधिकारी अभिषेक गोयल, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रगतिशील किसान, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।