सड़क सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l जिलाधिकारी अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक द्वारा जनपद हमीरपुर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन, दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) की पहचान एवं उनके सुधार हेतु आवश्यक कार्यवाही, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर यातायात जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन, ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान संचालित किए जाएं तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी, जनपद के समस्त उपजिलाधिकारीगण, समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्यवाहियां समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ।