हैलट अस्पताल में ₹10 करोड़ की लागत से बनेगी 6 मंजिला हाईटेक पैथोलॉजी
- मरीजो को एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी जांचो की सुविधाएं
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध लाला लाजपत राय चिकित्सालय (हैलट) में स्वास्थ्य सुविधाओं को विश्वस्तरीय बनाने की कवायद तेज हो गई है। अस्पताल परिसर में पुरानी पैथोलॉजी को हटाकर अब ₹10 करोड़ की कुल लागत से 6 मंजिला अत्याधुनिक हाईटेक पैथोलॉजी व रेडियोलॉजी ब्लॉक तैयार किया जा रहा है। गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने विभागीय अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन भवन का औचक निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्य की प्रगति का अपडेट लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य को पूरी गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
नए हाईटेक ब्लॉक की होंगी मुख्य विशेषताएं
प्राचार्य प्रो. डॉ संजय काला ने बताया कि इस अत्याधुनिक 6 मंजिला इमारत के बन जाने से मरीजों को जांच के लिए अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भवन का खाका कुछ इस तरह तैयार किया गया है जिसमें अत्याधुनिक रेडियोलॉजी विभागरू ₹7.5 करोड़ की लागत से ग्राउंड फ्लोर के साथ तीन मंजिलों पर रेडियोलॉजी विभाग का विस्तार होगा। इसमें एक ही जगह पर एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी बड़ी जांचों की सुविधा मिलेगी। एडवांस्ड पैथोलॉजी लैब आधुनिक और ऑटोमैटिक मशीनों से लैस पैथोलॉजी लैब बनाई जा रही है, जहाँ सभी प्रकार के ब्लड व अन्य क्रिटिकल टेस्ट बहुत कम समय में हो सकेंगे। इसके साथ ही चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इसी बिल्डिंग में स्टूडेटस के लिए एक हाईटेक सेमिनार हॉल भी बनेगा, जिसके लिए ₹2.5 करोड़ की आधुनिक मशीनें और उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
-बाक्स
मरीजों को मिलेगी भटकने से मुक्ति- प्रो. डॉ. संजय काला
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय काला ने बताया कि यह प्रोजेक्ट हैलट अस्पताल के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। मरीजों को एक ही छत के नीचे सभी पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल जांचें मिलेंगी, जिससे उनके समय और पैसे दोनों की बचत होगी। हमारा लक्ष्य इस लैब को जल्द से जल्द शुरू करना है ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके।