भीषण गर्मी के बीच पेयजल व्यवस्था पर प्रशासन की विशेष नजर
प्रभावित ग्राम पंचायतों में टैंकरों से कराई जा रही जलापूर्ति
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हमीरपुर l जनपद में भीषण गर्मी एवं बढ़ती पेयजल आवश्यकता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा जहां आवश्यकता महसूस की जा रही है, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय, हमीरपुर (कक्ष संख्या-228) में पेयजल कंट्रोल रूम स्थापित कर निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पेयजल संबंधी किसी भी समस्या अथवा शिकायत के लिए नागरिक कंट्रोल रूम के लैंडलाइन नंबर 05282-298176 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा [email protected] पर ई-मेल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेकर संबंधित विभागों के माध्यम से तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर पेयजल आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। वर्तमान में विकास खंड मौदहा की ग्राम पंचायतों गुढ़ा, गुस्यारी, खांडेह, रीवन एवं कमहारिया, विकास खंड सुमेरपुर की ग्राम पंचायतों बिरखेड़ा, मवईजार, छानी खुर्द, पंधारी, धनपुरा एवं टेढ़ा, विकास खंड कुरारा की ग्राम पंचायत लहारा तथा विकास खंड राठ की ग्राम पंचायत ओडेरा सहित अन्य आवश्यक क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति कराई जा रही है।जलापूर्ति कार्य की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर उसका समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि गर्मी के इस संवेदनशील दौर में पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें।
|