बरातियों की वैन से भिड़ा डंपर, पीछे से टकराईं छह गाड़ियां; 16 घायल, भीषण जाम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। घाटमपुर के पतारा कस्बे में देर रात करीब दो बजे ईको वैन और डंपर की भिड़ंत के बाद एक के बाद एक छह गाड़ियां आपस में टकरा गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकालकर पतारा सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर सभी को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
हादसे में हाईवे पर लगभग 20 किमी जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर यातायात बहाल कराया। पतारा कस्बे में बरातियों से भरी ईको वैन तिलसड़ा मोड़ पर मुड़ते ही बंद हो गई। इस दौरान घाटमपुर की ओर से आ रहे डंपर ने ईको वैन में टक्कर मार दी। इसके बाद एक के बाद एक छह गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में गाड़ियों में सवार 16 लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पतारा चौकी पुलिस व एनएचआई की पेट्रोलिंग टीम ने घायलों को गाड़ियों से बाहर निकालकर पतारा सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर गंभीर हालत में 16 घायलों में 13 को रेफर कर दिया। इस दौरान कानपुर-सागर हाईवे पर 20 किमी लंबा जाम लग गया।पुलिस ने एनएचआई की क्रेन और जेसीबी की मदद से हाईवे पर खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को लगभग तीन घंटे में किनारे करवाकर हाइवे पर यातयात बहाल कराया है। इस दौरान घाटमपुर चौराहे कानपुर की ओर रमईपुर चौराहे से रूट डायवर्जन करके हाईवे पर यातयात बहाल कराया है। वहीं सड़क हादसे में वैन में फंसे घायलों को सुरक्षित बहार निकालने के दौरान पतारा चौकी इंचार्ज ललित शर्मा के हाथ में वैन की लोहे की चद्दर से चोट आई है। घायलों में आशीष शर्मा (20) पुत्र राजेश शर्मा सिंगरसी भोगनीपुर कानपुर देहात, रुद्र (30 ) निवासी सनाथ खेड़ा मूसानगर, प्रांशु शुक्ला (20) पुत्र हरि ओम शुक्ला, सागर निवासी मूसानगर, घाटमपुर के मूसेपुर निवासी प्रदीप (40), मोहित, राजेश (40), रामबहादुर, अजय कुमार, नरेश, मनोज कुमार (45), जयराम (50) निवासी नरिहा अकबरपुर, खुशीराम निवासी कोरौ को रेफर किया गया। वहीं सर्वेश कुमार निवासी मूसानगर, हाशिम, सलमान निवासी बाराबंकी भी घायल हो गए। कुछ घायल निजी अस्पताल चले गए।