आपात स्थिति से निपटने हेतु प्रबंधन टीमें की गई सक्रिय |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार मौदहा बांध के गेटों के निरीक्षण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य के दृष्टिगत बांध को आंशिक रूप से खाली किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस क्रम में 05 मई 2026 को सायं 5 बजे से बांध के गेट खोलकर जल निकासी की जा रही है। अधिशाषी अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि 05 मई 2026 से 15 मई 2026 तक बांध से निरंतर जल प्रवाह के कारण बिरमा नदी के डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ने की पूर्ण संभावना है। इससे नदी के तटीय क्षेत्रों में निवास करने वाले लोगों, किसानों एवं पशुधन पर प्रभाव पड़ सकता है। जनहित एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। नदी तट के समीप रहने वाले नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने तथा अनावश्यक रूप से नदी के पास न जाने की सलाह दी गई है। पशुधन, कृषि यंत्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु प्रशासन, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं। संवेदनशील स्थानों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।