अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन हेतु करें प्रेरित |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण एवं उनके क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं एवं सेवायोजकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
यह पुरस्कार प्रतिवर्ष 03 दिसंबर को ‘विश्व दिव्यांग दिवस’ के अवसर पर प्रदान किए जाते हैं।इस वर्ष भी विभिन्न श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिनमें दिव्यांग कर्मचारियों,स्वनियोजित व्यक्तियों, श्रेष्ठ सेवायोजक, उत्कृष्ट संस्थाएं, प्रेरणास्रोत कार्यकर्ता, अनुसंधान एवं उत्पाद विकास, बाधामुक्त वातावरण निर्माण, पुनर्वास सेवाएं, सुजनशील दिव्यांग व्यक्ति (वयस्क एवं बालक,बालिका), ब्रेल प्रेस, अनुकूल वेबसाइट तथा उत्कृष्ट दिव्यांग खिलाड़ी एवं सशक्तीकरण में कार्यरत अधिकारी,कर्मचारी शामिल हैं।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, हमीरपुर अमित सोनकर ने बताया कि इच्छुक पात्र व्यक्ति, संस्थाएं एवं सेवायोजक अपने आवेदन पत्र आवश्यक प्रमाण-पत्रों सहित दो प्रतियों में 15 जुलाई 2026 तक कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि समय से शासन को प्रेषित किया जा सके। उन्होंने जनपद के सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों से अपील की है कि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन हेतु प्रेरित करें।