IGRS रैंकिंग में कानपुर कमिश्नरेट प्रदेश में अव्वल
- 62वें स्थान से सीधे नंबर-1 पर पहुंचा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। जन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में सुधार का असर अब दिखने लगा है। फरवरी 2026 की IGRS रैंकिंग में पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है।
जन शिकायतों के निस्तारण में बेहतर कार्यप्रणाली के चलते पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर ने प्रदेश स्तर पर बड़ी सफलता हासिल की है। फरवरी 2026 की IGRS (इंटीग्रेटेड ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम) रैंकिंग में कमिश्नरेट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। खास बात यह है कि जनवरी 2026 में कानपुर कमिश्नरेट प्रदेश में 62वें स्थान पर था। इसके बाद पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देश पर सभी थानों और अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। कार्यप्रणाली में सुधार और लगातार मॉनिटरिंग के चलते कमिश्नरेट ने 62वें स्थान से सीधी छलांग लगाकर प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया। फरवरी माह में शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का प्रतिशत 92.75 रहा, जिसमें 30 में से 30 अंक प्राप्त हुए। वहीं आवेदकों से संपर्क का प्रतिशत 96.26 रहा, जिसमें 10 में से 10 अंक मिले। इस उपलब्धि पर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जन शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना प्राथमिकता है। साथ ही IGRS से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।