अपर जिलाधिकारी ने ब्लाक कार्यालय का किया औचक निरीक्षण |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर हमीरपुर | अपर जिला अधिकारी (नमामि गंगे) सुरेश चंद्र यादव ने सोमवार को ब्लॉक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों का बारीकी से निरीक्षण करते हुए अभिलेखों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आसानी से देखा जा सके। उन्होंने कार्यालय की साफ-सफाई और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया। अभिलेखों की जांच करते हुए उन्होंने कई स्थानों पर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए और कहा कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जयनारायण सिंह यादव, खंड विकास अधिकारी आशीष कटियार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। ब्लॉक प्रमुख ने आश्वस्त किया कि शासन के निर्देशों के अनुसार सभी कार्य व्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाएंगे और कार्यालय व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।