सेवा शिविर के जरिए नागरिकों को विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी |
-लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं लाभ किया गया प्रदान |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा राजकीय डिग्री कॉलेज, कुछेछा, हमीरपुर में एक वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करना था, जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर विधिक सेवाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सैयद कमर हसन रिजवी, न्यायमूर्ति, इलाहाबाद उच्च न्यायालय ,प्रशासनिक न्यायाधीश, हमीरपुर द्वारा वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए किया गया। उन्होने अपने उद्बोधन में विधिक जागरूकता को सशक्त समाज की आधारशिला बताते हुए कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर निर्धन, वंचित एवं कमजोर वर्गों तक न्याय सुलभ कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून की मूलभूत जानकारी प्राप्त कर सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जज हमीरपुर मनोज कुमार राय द्वारा की गई। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में न्याय विभाग, प्रशासन के सभी विभागों एवं पुलिस विभाग के संयुक्त समन्वय से शिविर का सफल आयोजन संपन्न हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता एवं वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज में विधिक चेतना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर डॉ0 महेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विभिन्न प्रकल्पों एवं योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम के उद्देश्य एवं विभिन्न विभागों द्वारा लाभान्वित किये जाने वाली योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनहित से संबंधित स्टॉल लगाए गए। राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी प्रदान की। हमीरपुर पुलिस द्वारा भी एक विस्तृत जन-जागरूकता स्टॉल स्थापित किया गया, जिसमें ‘मिशन शक्ति’, डायल 112 आपातकालीन सेवा, यातायात नियमों का पालन, महिला सुरक्षा, बाल सुरक्षा, दहेज उत्पीड़न निवारण, साइबर अपराध से बचाव तथा महिला सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, शिकायत निवारण तंत्र तथा त्वरित सहायता सेवाओं के बारे में अवगत कराया।
इस अवसर पर प्रशासनिक विभागों द्वारा कुल 1203 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। जिसमें लघु सिचाई विभाग, खेल विभाग, जिला उद्योग केन्द्र, जिला पंचयात विभाग, पशुचिकित्सा विभाग, नागरीय विकास, आग्रीण बैंक, प्रोबेशन, उद्यान, उपायुक्त स्वतः रोजगार, आई0टी0आई0, श्रम, कृषि, दिव्यांग जन कल्याण विभाग सम्मिलित रहे। विशेष रूप से कृषि विभाग द्वारा ट्रेक्टर व मत्स्य विभाग द्वारा एक थ्री-व्हीलर भी वितरित किया गया। इस अवसर पर दिव्यांग कल्याण विभाग द्वारा 05 दिव्यांगजन को ट्राई-साइकिल भी दी गई। इस अवसर पर जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारीगण, अपर पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी हमीरपुर अरुण कुमार सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की और विधिक विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम में राजकीय डिग्री कालेज, कुछेछा के छात्रों द्वारा दहेज प्रथा एवं समर्थ फाउंडेशन के बच्चों के द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की गई। अपर जनपद न्यायाधीश-प्रथम, उदय वीर सिंह के द्वारा सभी प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।
|