दो दिनों के विवाद के बाद पार्क में काम शुरू, मेयर और पार्षद के नाम का लगा पत्थर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। ऐतिहासिक गंगा मेला स्थल रज्जन बाबू पार्क में निर्माण विवाद दो दिनो के बाद सहमति होने के साथ थम गया। पार्षद और हटिया होली मेला कमेटी के बीच महापौर और पार्षद के नाम का पत्थर लगने के बाद पार्क की मरम्मत का काम शुरू हुआ। देर रात तक हटिया स्थित पार्क में काम चलता रहा।
पार्क में मेयर और पार्षद के नाम का पत्थर लगाए जाने को लेकर एक विवाद खड़ा हो गया था। कमेटी के पदाधिकारी पत्थर लगाने का विरोध कर रहे थे। वहीं पार्षद पत्थर लगाने के बाद ही काम शुरू कराने की बात पर अड़ गए थे। हटिया होली गंगा मेला कमेटी के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र विश्नोई ने धरना की चेतावनी दी। शनिवार को सुबह जोन एक के जेई, ठेकेदार और मजदूर पहुंचे, लेकिन पार्षद अमित गुप्ता ने काम करने से रोका। अधिकारियों से बात कर कहा कि यह नगर निगम का कार्य है। इसमें पार्षद और मेयर के नाम का पत्थर लगेगा, यह बात कमेटी के लोगों से साफ मना कर दिया। पार्क में विवाद बढ़ा और कमेटी के लोगों व पार्षद अमित गुप्ता के बीच नोकझोंक हुई। शनिवार को विवाद के बाद पार्षद ने पुलिस बुला ली। अन्य पार्षद भी पहुंच गए। गंगा मेला 10 मार्च को है। ऐतिहासिक मेले की तैयारी और पार्क की मरम्मत को लेकर कमेटी और पार्षद के बीच बातचीत कराई गई। पार्क में पार्षद और कमेटी के बीच बातचीत कराने के लिए भाजपा के अरुण तिवारी, पार्षद मोनू गुप्ता और पार्षद आदर्श गुप्ता पहुंचे। उन्होंने कमेटी के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्र विश्नोई, महामंत्री विनय सिंह और अन्य सदस्यों से बातचीत कराई। आखिर पार्क में काम तभी शुरू हुआ जब मेयर और पार्षद के नाम का पत्थर पहले लगाया गया। जेई माणिक चंद्र ने काम शुरू कराया। देर रात तक मजदूर पार्क में काम करते रहे। पार्षदों और मेला कमेटी के पदाधिकारियों के बीच बातचीत के बाद तय किया गया कि इस पत्थर के साथ एक और पत्थर लगाया जाएगा, जिस पर कमेटी के पदाधिकारियों और सभी सदस्यों के नाम लिखे जाएंगे।