नगर निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 81.60 लाख की ठगी
U- 25 हजार इनामिया गिरफ्तार, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े स्तर पर ठगी करने वाले 25 हजार रुपये के इनामिया शातिर सतनाम सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नगर निगम में नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवाओं से लाखों रुपये वसूलता था और विश्वास दिलाने के लिए फर्जी ज्वाइनिंग लेटर तक जारी करता था। लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी को सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लखनऊ से दबोचा।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं और वह अंतरराज्यीय स्तर पर ठगी के मामलों में सक्रिय रहा है। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ कर पूरे गिरोह और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।मामला नौबस्ता के पशुपति नगर निवासी ए.के. बाजपेई की शिकायत से जुड़ा है। उन्होंने वर्ष 2023 में दर्ज कराए गए मुकदमे में बताया था कि वर्ष 2020 में सतनाम सिंह ने सरकारी विभागों में मजबूत पकड़ होने का दावा किया और नगर निगम में नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर कई अभ्यर्थियों से रकम इकट्ठी कर आरोपी को दी गई।
शिकायत के मुताबिक कुल 81.60 लाख रुपये नौकरी दिलाने के नाम पर लिए गए। भरोसा मजबूत करने के लिए आरोपी ने कई युवाओं को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी थमा दिए। बाद में दस्तावेजों की जांच में वे सभी कागजात नकली निकले। जब पीड़ित पक्ष ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा और दबाव बढ़ने पर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को लखनऊ के जानकीपुरम इलाके से गिरफ्तार किया। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य साथियों, बिचौलियों और संभावित पीड़ितों की भी पहचान की जा रही है।