दो दिवसीय मेले का हुआ समापन
- 53 वाहन स्वामियों की समस्या का त्वरित किया गया निस्तारण
- 5 वाहन स्वामियों ने एक मुश्त कर योजना का उठाया लाभ, 1.54 लाख राजस्व हुआ प्राप्त
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। आरटीओ कार्यालय के सारथी भवन में चल रहे दो दिवसीय परिवहन मेले का शनिवार को समापन हुआ। मेले में विभिन्न मोटर व्यवसाय के पदाधिकारी, डीलर व वाहन स्वामी उपस्थित हुए तथा लगभग 250 लोगों द्वारा प्रतिभाग किया गया। मेले में 50 से ज्यादा वाहन स्वामियों की समस्या का निस्तारण भी किया गया।
परिवहन मेले में आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि परिवहन मेले में एकमुश्त कर व्यवस्था से सम्बन्धित नियमों, कर निर्धारण की प्रक्रिया, कर गणना, भुगतान की विधि एवं समय-सीमा के सम्बन्ध में वाहन स्वामियों एवं विभिन्न ट्रॉन्सपोर्ट संगठनों को विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी गयी। साथ ही परिवहन मेले में उपस्थित 53 वाहन स्वामियों द्वारा उनकी शंकाओं का समाधान मौके पर ही कराया गया तथा कर भुगतान , समायोजन की जानकारी से अवगत कराया गया। वही 5 वाहन स्वामियों द्वारा मेले के दूसरे उनके वाहनों का एक बारीय कर जमा कराया गया, जिसमें कुल 1.54 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुयी है। इस दौरान मुख्य रूप से एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार सिंह, एआरटीओ श्रीमती आकांक्षा सिंह, आरआई संतोष कुमार, मोटरयान निरीक्षक (प्राविधिक) एवं समस्त कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
- छोटे वाहन स्वामियों के लिए एक मुश्त कर योजना बनी समस्या
एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार सिंह ने बताया कि शासन द्वारा एक मुश्त कर योजना लागू होने पर जहाँ नया कमर्शियल खरीदने पर वाहन स्वामियों को राहत मिली है तो वहीं छोटे कमर्शियल वाहनों को एक मुश्त कर जमा करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने बताया कि पहले कमर्शियल वाहनों का तिमाही टैक्स जमा होता था, जो कि 15 साल तक टैक्स के रूप में काफी राशि जमा करनी पड़ती थी, लेकिन इस योजना से सभी हल्के कमर्शियल भार वाहन को खासी राहत मिली है। इसके साथ ही पुराने वाहनों को प्रति वर्ष 8 फीसदी की दर टैक्स में छूट भी सरकार द्वारा दी जा रही है। अब छोटे वाहन स्वामियों द्वारा एक मुश्त न जमा कर पाने की समस्या के बारे अभी कोई नियम या आदेश नहीं आया है। इस लिए फिलहाल उनको एक मुश्त कर जमा करना होगा नहीं तो पेनल्टी का दंश उन्हें झेलना पड़ेगा।