सदर विधायक ने कंपोजिट विद्यालय पारा का किया औचक निरीक्षण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति द्वारा विकासखंड मौदहा अंतर्गत ग्राम पंचायत पारा स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय (कंपोजिट विद्यालय) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पठन-पाठन, मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने विद्यालय में बच्चों के साथ संवाद किया तथा मध्याह्न भोजन स्वयं बच्चों के साथ बैठकर ग्रहण कर उसकी गुणवत्ता एवं स्वाद की जानकारी ली। भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार किया गया था तथा गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई, भोजन एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएं।