राठ में दो स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर, छह छात्राएं घायल
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर l राठ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह सेना रोड पर दो स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में करीब 6 छात्राएं घायल हो गईं। सभी घायल छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत सामान्य बताई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। आरपी गुरुकुल और पीएसएन इंटर कॉलेज आमगांव की बसें आमने-सामने टकरा गईं। बताया जा रहा है कि आरपी गुरुकुल की बस खाली थी, जबकि पीएसएन इंटर कॉलेज की बस में 19 बच्चे सवार थे। टक्कर में घायल सभी छात्राएं पीएसएन इंटर कॉलेज की बस में सवार थीं। हादसे के बाद बस चालक हरचरण यादव ने घायल छात्राओं को एंबुलेंस की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. माहौर के अनुसार, 15 वर्षीय स्नेहा, 13 वर्षीय मानसी, 12 वर्षीय साक्षी, 12 वर्षीय करिश्मा, 13 वर्षीय रिया और 14 वर्षीय संजोती घायल हुई हैं। सभी का इलाज जारी है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। घायल छात्रा दीपिका ने बताया कि सामने से आ रही आरपी गुरुकुल की बस का अचानक टायर फट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर उनकी बस से टकरा गई। छात्रा के मुताबिक, हादसे के बाद दूसरी बस का चालक मौके से फरार हो गया। पीएसएन इंटर कॉलेज बस के चालक हरचरण यादव ने भी हादसे की वजह आरपी गुरुकुल की बस का टायर फटना बताया है। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद दूसरी बस का चालक मौके से भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।