ऑपरेशन दहन’ के तहत मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में संचालित ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत जनपद हमीरपुर पुलिस द्वारा आज एक महत्वपूर्ण कार्यवाही की गई। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों द्वारा जब्त किए गए भारी मात्रा में मादक पदार्थों का विधिवत विनिष्टीकरण कराया गया।
जनपद के थाना ललपुरा, बिवांर एवं चिकासी से संबंधित कुल 15 अभियोगों में जनपद न्यायालय के आदेशानुसार निस्तारित किए गए मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इसमें 21 किलो 300 ग्राम गांजा, 08 ग्राम स्मैक, 1570 नशीली गोलियां (140 ग्राम) शामिल हैं, जिनका कुल अनुमानित मूल्य ₹23,45,000 (तेईस लाख पैंतालीस हजार रुपये) है।
विषाक्त पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण हेतु निर्धारित मानकों का पालन करते हुए यह कार्यवाही रिजर्व पुलिस लाइन्स, जनपद महोबा में उच्च क्षमता वाले ‘इंसीनरेटर’ के माध्यम से, पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए संपन्न कराई गई।
संपूर्ण विनिष्टीकरण प्रक्रिया क्षेत्राधिकारी मौदहा की उपस्थिति एवं गठित समिति की निगरानी में पारदर्शी ढंग से पूर्ण कराई गई। इस दौरान प्रभारी डीसीआरबी, संबंधित थानों के मालखाना प्रभारी तथा अन्य अधिकारी,कर्मचारी उपस्थित रहे।