गंगा टास्क फोर्स ने अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस पर चलाया जागरूकता अभियान |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | भारतीय सेना की 137 सी ई टी एफ बटालियन टी ए 39 गोरखा राइफल गंगा टास्क फोर्स ने नाना राव घाट, कानपुर नगर मे एनसीसी कैडेट के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सूबेदार मेजर सोमवीर सिंह 54 एनसीसी बटालियन एवं एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर उपस्थित रहे। गंगा टास्क फोर्स के कमान अधिकारी कर्नल रोहित श्रीवास्तव और कानपुर स्थित कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रफुल्लित कुमार वर्मा के दिशा निर्देश पर विगत 7 सालों से गंगा स्वच्छत अभियान,पौधा रोपण, घाटों की गश्त, जागरूकता अभियान निरंतर कर रही है। इस अवसर पर गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार समरजीत सिंह ने नाना राव घाट में उपस्थित एनसीसी कैडेट को संबोधित करते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस प्रत्येक वर्ष 5 जून को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराना है। बढ़ते प्रदूषण, वनों की कटाई, जलवायु परिवर्तन और जैव विविधता के ह्रास जैसी समस्याएँ आज पूरी मानवता के सामने चुनौती बनकर खड़ी हैं। पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है। स्वच्छ वायु, शुद्ध जल, उपजाऊ भूमि और हरित वन हमें प्रकृति से प्राप्त अमूल्य उपहार हैं। यदि हम इन संसाधनों का संरक्षण नहीं करेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ेगा। आज आवश्यकता है कि हम प्लास्टिक का कम उपयोग करें, जल और ऊर्जा की बचत करें, अधिक से अधिक वृक्ष लगाएँ तथा प्राकृतिक संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करें। प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। इस अवसर पर गंगा टास्क फोर्स के जवानों ने एनसीसी कैडेट के साथ मिलकर नाना राव घाट के स्मारक पार्क में वृक्षारोपण किया और पौधे वितरित किए एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलायी गयी।
|