जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केंद्र का निरीक्षण, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आगामी आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक द्वारा इस्लामिया इंटर कॉलेज हमीरपुर स्थित परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता, स्ट्रांग रूम, कंट्रोल रूम, कक्ष निरीक्षकों की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का गहनता से निरीक्षण किया गया। साथ ही परीक्षा केंद्र परिसर एवं उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। परीक्षा केंद्र के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने, अभ्यर्थियों की निर्धारित मानकों के अनुरूप सघन चेकिंग कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक अथवा प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र में ले जाने से रोकने हेतु विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्र प्रबंधन से समन्वय स्थापित करते हुए यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जाए।
जनपद प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आगामी भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं तथा परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।