खच्चर की सवारी कर जताया विरोध, बोले- "डायन से डार्लिंग बनी महँगाई"
प्रमुख माँगें
- ईंधन मूल्य वापसी: पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम तत्काल वापस लिये जाएँ
- महँगाई नियंत्रण: ठोस नीति बनाकर मूल्य-वृद्धि पर अंकुश लगाया जाए
- परीक्षा शुचिता: नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्न-पत्र लीक की घटनाओं पर रोक लगे
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के कानपुर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने किया। प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव जेपी पाल, एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने खच्चर पर बैठकर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों का प्रतीकात्मक विरोध किया। नेताओं का कहना था कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीवन कठिन बना दिया है। खाद्य पदार्थों, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि पेट्रोल और डीजल की महंगाई ने परिवहन लागत बढ़ाकर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनका कहना था कि आम लोगों की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर हो गई है कि कई परिवारों के लिए गैस सिलेंडर भरवाना भी मुश्किल हो गया है। एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब और मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस महंगाई को भाजपा पहले "डायन" बताती थी, अब वही उसे "डार्लिंग" लगने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से पेट्रोल और डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की। उनका कहना था कि ईंधन सस्ता होने से परिवहन लागत में कमी आएगी और आम लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने सरकार से महंगाई नियंत्रण के लिए ठोस और प्रभावी नीति बनाने की मांग की। विकास अवस्थी ने छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं युवाओं की मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। इससे छात्रों में निराशा बढ़ रही है और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग रहा है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोसी देशों को पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति की जा रही है, जबकि देश के नागरिकों को महंगा ईंधन खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता, एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी, प्रदेश महासचिव जेपी पाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।