केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित विशेष अभियान की तैयारियों की प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा |
-जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने पर जोर |
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर |‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ को समर्पित केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक आयोजित किए जा रहे विशेष जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री उच्च शिक्षा विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने की। बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, एमएलसी अरुण पाठक, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, भाजपा जिला अध्यक्ष (उत्तर) अनिल दीक्षित, भाजपा जिला अध्यक्ष (दक्षिण) शिवराम सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक में अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों, विभागवार दायित्वों तथा जनसहभागिता बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसके माध्यम से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन पूरी तैयारी और समन्वय के साथ किया जाए तथा योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की जाएं। बैठक में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम, जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान आयोजित होने वाली रात्रि चौपालों में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, ज्वाइंट सीपी विपिन ताडा, ज्वाइंट सीपी संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूर्ण कर अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।