विश्व पर्याव्रण दिवस पर श्रमायुक्त कार्यालय में “एक पेड़ मां के नाम” से रोपे गए 50 पौधे
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। धरती को हरा-भरा बनाने और आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा का उपहार देने के संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश श्रमायुक्त कार्यालय में “विश्व पर्यावरण दिवस” बेहद उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अपर श्रमायुक्त सौम्या पांडे ने प्रकृति और माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पहला पौधा रोपा। उन्होंने उपस्थित स्टॉफ को संबोधित करते हुए कहा प्रकृति हमारी माता है और इसकी रक्षा करना हम सबका परम कर्तव्य है। “एक पेड़ मां के नाम” सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि एक भावना है। यदि हर व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसकी संतान की तरह देखभाल करे, तो हम ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर चुनौती से आसानी से निपट सकते हैं। उन्होंने कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और कम से कम एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया। पौधारोपण करने वाले मुख्य अधिकारियों में जुनैद अहमद (अपर श्रमायुक्त), अंजू वर्मा (उप श्रमायुक्त), जय प्रताप (उप श्रमायुक्त), अजय मिश्रा (उप श्रमायुक्त) ,गोविंद यादव और अनुराग मिश्रा, गौरव कुमार (सहायक श्रमायुक्त), नाज़िर श्याम कुशवाहा, विकल्प बाजपेई, देवेंद्र बिष्ट और मनोज श्रीवास्तव सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों और स्टाफ ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
अपर श्रमायुक्त सौम्या पांडे की इस प्रेरणादायक पहल को आगे बढ़ाते हुए विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस महाअभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में फल, फूल और छायादार प्रजातियों समेत कुल 50 पौधों का रोपण किया गया। इन पौधों में आम, अमरूद, आंवला, बादाम और जामुन जैसी औषधीय और फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए, जो भविष्य में परिसर को न सिर्फ हरा-भरा बनाएंगे बल्कि ऑक्सीजन का भी बड़ा स्रोत बनेंगे।