बेतवा नदी पर बन रहे पुल का सेगमेंटल स्पान गिरने की घटना पर प्रशासन गंभीर, मृतकों के परिजनों को प्रदान की गयी ₹4-₹4 लाख की अनुग्रह राशि
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद हमीरपुर के विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर अंतर्गत कुरारा- कंडोर-परसनी मार्ग पर बेतवा नदी पर निर्माणाधीन सेतु के सेगमेंटल स्पान गिरने की घटना अत्यंत दुःखद एवं गंभीर है। इस घटना में निर्माणाधीन संरचना को आंशिक क्षति पहुँची है तथा जनहानि होने पर जिला प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिला प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराया गया। शासन द्वारा त्वरित संवेदनशीलता दिखाते हुए मृतकों के परिजनों को ₹4-₹4 लाख की अनुग्रह राशि प्रदान की गयी है।साथ ही श्रम विभाग की योजनाओं के अंतर्गत शेष देय अनुग्रह राशि की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
जिलाधिकारी हमीरपुर अभिषेक गोयल के निर्देशन में पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा प्रशासन पूरी गंभीरता एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ स्थिति की निरंतर निगरानी कर रहा है।घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु जिलाधिकारी द्वारा तीन सदस्यीय जाँच समिति का गठन किया गया है। समिति में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे), हमीरपुर को अध्यक्ष तथा अधीक्षण अभियंता (हमीरपुर/बांदा वृत्त), लोक निर्माण विभाग एवं मुख्य परियोजना प्रबंधक (कानपुर अंचल), राज्य सेतु निर्माण निगम लिमिटेड को सदस्य नामित किया गया है।समिति को निर्देशित किया गया है कि वह स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर घटना के कारणों की तथ्यात्मक जाँच करते हुए अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह में प्रस्तुत करे।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की गहन समीक्षा सुनिश्चित की जाएगी तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन इस प्रकरण में पूर्ण पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है।